संवाददाता, धनबाद: पूर्व मध्य रेल ने 2024-25 में माल ढुलाई और राजस्व अर्जन के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। इस वर्ष 200.32 मिलियन टन माल परिवहन कर यह भारतीय रेलवे के शीर्ष चार क्षेत्रीय रेलों में शामिल हो गई है। साथ ही, 31,303 करोड़ रुपये की प्रारंभिक आय अर्जित कर अब तक का रिकॉर्ड स्थापित किया है।
महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी।

माल ढुलाई से रिकॉर्ड राजस्व
पूर्व मध्य रेल ने माल ढुलाई से 26,106 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है, जिससे यह भारतीय रेलवे में दूसरा सर्वाधिक आय अर्जित करने वाला क्षेत्रीय रेलवे बन गया है।

पैसेंजर ट्रेन से भी शानदार आय
यात्री परिवहन क्षेत्र में भी पूर्व मध्य रेल का प्रदर्शन शानदार रहा। 2024-25 में इससे 4,580 करोड़ रुपये की आय हुई, जो पिछले वित्तीय वर्ष (2023-24) की तुलना में 12.01% अधिक है।
पूर्व मध्य रेल की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से रेलवे की विकास यात्रा को और गति मिलेगी और आने वाले वर्षों में इससे भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है।