डिजिटल, डेस्क। मिरर मीडिया: पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन, हाजीपुर द्वारा बुधवार को पाटलिपुत्र रेल परिसर, दीघा में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संगठन की अध्यक्षा सुनीता सिंह एवं अन्य सदस्याओं द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर मुख्यालय हाजीपुर एवं विभिन्न मंडलों से आए कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिसे उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा।
21 महिला रेलकर्मियों को मिला सम्मान

इस समारोह में संगठन की अध्यक्षा सुनीता सिंह ने 21 महिला रेल कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया। इनमें से पं. दीनदयाल उपाध्याय मंडल की पिंकी कुमारी (प्वाइंट्समैन) को विशिष्ट पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पिंकी कुमारी को इससे पहले रेलवे महिला कल्याण केंद्रीय संगठन, नई दिल्ली में आयोजित समारोह में भी पुरस्कृत किया जा चुका है।
इस अवसर पर संगठन की उपाध्यक्षा रंजना कुमार, सचिव मिनाक्षी कुमार, कोषाध्यक्षा अर्चना चौधरी, संयुक्त सचिव प्रियंका सिंह सहित संगठन की अन्य सदस्याएं भी उपस्थित थीं।
कार्यक्रम में महिला कर्मचारियों के योगदान की सराहना की गई और उनके सतत प्रोत्साहन के लिए संगठन की प्रतिबद्धता दोहराई गई।