आसनसोल में चुनावी तैयारियां तेज : 2504 बूथ पर कड़ी निगरानी, 14 हजार कर्मी तैनात : प्रशासन पूरी तरह अलर्ट

KK Sagar
2 Min Read

आसनसोल (पश्चिम बर्दवान): आसनसोल में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। जिला शासक कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिलाधिकारी एस. पोन्नबलम ने चुनावी तैयारियों का विस्तृत ब्यौरा देते हुए साफ कहा कि इस बार निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए हर स्तर पर सख्त इंतजाम किए गए हैं।

जिलाधिकारी के अनुसार जिले में कुल 2504 मतदान केंद्र (बूथ) बनाए जा रहे हैं। प्रत्येक बूथ पर चार कर्मियों की तैनाती के हिसाब से करीब 10 हजार मतदान कर्मियों की जरूरत होगी। इसके अलावा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए 30% अतिरिक्त कर्मियों को रिजर्व में रखा गया है, जिससे कुल संख्या लगभग 14 हजार तक पहुंच गई है।

प्रशासन ने साफ कर दिया है कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, लापरवाही या कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ तुरंत और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

👩‍🗳️ महिला सशक्तिकरण पर खास फोकस

इस बार चुनाव में महिला भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए जिले में 243 महिला बूथ बनाए जा रहे हैं, जहां पूरी जिम्मेदारी महिला कर्मियों के हाथों में होगी।

🌟 मॉडल बूथ होंगे आकर्षण का केंद्र

मतदाताओं को बेहतर सुविधा देने के लिए हर विधानसभा क्षेत्र में एक-एक मॉडल बूथ तैयार किया जा रहा है। इस तरह जिले में कुल 9 मॉडल बूथ बनाए जाएंगे, जो आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे।

📚 प्रशिक्षण भी अंतिम चरण में

जिलाधिकारी ने बताया कि मतदान कर्मियों का पहला चरण का प्रशिक्षण अगले रविवार तक पूरा कर लिया जाएगा, जिससे चुनाव प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो सके।

👉 कुल मिलाकर प्रशासन ने संकेत दे दिया है कि इस बार पश्चिम बर्दवान में चुनाव पूरी तरह सुरक्षित, निष्पक्ष और व्यवस्थित माहौल में संपन्न कराने की तैयारी पूरी कर ली गई है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....