चुनाव आयोग ने बुधवार को राज्यसभा की 37 सीटों के लिए चुनाव की घोषणा कर दी है। मतदान 16 मार्च को होगा और उसी शाम मतगणना की जाएगी। राज्यसभा की ये सीटें अप्रैल 2026 में खाली होने वाली हैं। महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, ओडिशा, हरियाणा समेत दूसरे राज्यों से ये सीटें खाली हो रही हैं। सबसे अधिक महाराष्ट्र से सात सीटें खाली हो रही हैं जिन पर चुनाव होगा।
चुनाव का नोटिफिकेशन 26 फरवरी को
राज्यसभा चुनाव का नोटिफिकेशन 26 फरवरी 2026 को जारी होगा। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 5 मार्च 2026 है। नामांकनों की जांच 6 मार्च को होगी, जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 9 मार्च 2026 है। राज्यसभा चुनाव के लिए वोटिंग 16 मार्च 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगी। मतगणना उसी दिन शाम 5 बजे शुरू होगी। चुनाव प्रक्रिया पूरी करने की अंतिम तारीख 20 मार्च 2026 है।
किस राज्य में कितने सीटें हो रही खाली?
10 राज्यों से राज्यसभा की कुल 37 सीटें खाली हो रही है। जिसमें सबसे ज्यादा महाराष्ट्र की सात है। वहीं तमिलनाडु की 6, ओडिशा की 4, पश्चिम बंगाल की 5, असम की 3, बिहार की 5, छत्तीसगढ़ की 2, तेलंगाना की 2 और हिमाचल प्रदेश की एक सीट खाली हो रही है।
इन प्रमुख नेताओं का कार्यकाल हो रहा खत्म
इस बार जिन प्रमुख नेताओं का कार्यकाल खत्म हो रहा है, उनमें शरद पवार, केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले, कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी, टीएमसी नेता साकेत गोखले, आरएलएम चीफ उपेंद्र कुशवाहा और राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह शामिल हैं।
कई राज्यसभा सांसदों के भविष्य पर प्रश्न
चुनाव की तारीख के ऐलान के बाद कई राज्यसभा सांसदों के भविष्य पर प्रश्न खड़ा हो गया है। एनसीपी शरद गुट के नेता शरद पवार ने पहले ही ऐलान कर दिया है कि वह अब राजनीति से संन्यास लेंगे। ऐसे में यह सवाल भी उठ रहे हैं कि उनकी जगह राज्यसभा कौन जाएगा। साथ ही बिहार में गठबंधन की आंतरिक राजनीति के चलते उपेंद्र कुशवाहा और महाराष्ट्र विधानसभा में ठाकरे की घटी सियासी शक्ति के बीच प्रियंका चतुर्वेदी के संसदीय भविष्य पर भी सबकी निगाहे हैं।

