नालंदा में ‘समृद्धि यात्रा’ के दौरान नीतीश से भावुक अपील, लोगों ने लगाई बिहार न छोड़ने की गुहार

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को अपनी स्मृद्धि यात्रा के तहत नालंदा पहुंचे। नालंदा जिले को उन्होंने 810 करोड़ की योजनाओं की सौगात दी। इस दौरान सीएम ने विशाल जनसभा को भी संबोधित किया। नालंदा की जनसभा में लोगों ने उन्हें बिहार न छोड़ने की गुहार लगाई।  

महिलाएं बोलीं- नीतीश बाबू हमारे गार्जियन

बिहारशरीफ के दीपनगर स्टेडियम में समृद्धि यात्रा के दौरान एक भावुक दृश्य देखने को मिला। जनसभा में भारी तादात में महिलाएं भी दिखीं। कुछ महिलाएं नीतीश कुमार के भाषण के दौरान भावुक भी हो गईं। जीविका दीदियों और स्थानीय महिलाओं की आंखें नम थीं। राज्यसभा और दिल्ली की राजनीति की चर्चाओं के बीच महिलाओं ने कहा कि नीतीश बाबू हमारे गार्जियन हैं, उनके जाने से ऐसा लग रहा है जैसे सिर से साया उठ रहा हो।

अपने जैसा ही कोई मुख्यमंत्री देकर जाने की अपील

जन संवाद कार्यक्रम में पहुंचीं जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री के कार्यकाल को ‘स्वर्ण युग’ बताया। उन्होंने कहा, नीतीश भैया ने हमें घर से निकालकर रोजगार दिया। जीविका के माध्यम से महिलाओं का मानदेय दुगना किया। हम चाहते हैं कि वे जाने से पहले अपने जैसा ही कोई मुख्यमंत्री देकर जाएं जो हमें समझ सके।

विपक्ष पर बोला हमला

वहीं, सीएम नीतीश कुमार ने जनसभा के दौरान विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2005 से पहले का बिहार किस हाल में था, ये सब जानते हैं। बिहार 2005 के बाद बदला है। नीतीश कुमार ने इस दौरान केंद्र सरकार और पीएम मोदी की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि आज बिहार को केंद्र से लगातार सहायता मिल रही है। नीतीश कुमार ने कहा कि उनकी सरकार ने अब तक 50 लाख युवाओं को नौकरी और रोजगार दिया है और अगले 5 वर्षों में 1 करोड़ रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है।

Share This Article