डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: टाटा कमिंस के जमशेदपुर प्लांट के कर्मचारियों के लिए इस साल अच्छी खबर है। उन्हें पिछले साल की तरह इस साल भी 20% बोनस मिलने की प्रबल संभावना है। कंपनी के बोनस फॉर्मूले के तहत यह आंकड़ा सामने आ रहा है। कर्मचारियों में खुशी का माहौल है, क्योंकि पिछले साल भी उन्हें 20% बोनस मिला था।
बोनस फॉर्मूला और उत्पादन में रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन
टाटा कमिंस का बोनस फॉर्मूला उत्पादन के लिए 9 पॉइंट, मुनाफे के लिए 8 पॉइंट और बीआईएस (BIS) के लिए 3 पॉइंट निर्धारित करता है। कंपनी ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए निर्धारित उत्पादन लक्ष्य को सफलतापूर्वक पार कर लिया है, जिससे 9% बोनस मिलना तय हो गया है। कंपनी की तीनों इकाइयों-जमशेदपुर, पुणे (टीसीपीएल-2) और टीसीपीएल-3 ने मिलकर कुल 1 लाख 70 हजार 32 इंजन का उत्पादन किया है। यह 1 लाख 51 हजार 781 इंजन के निर्धारित लक्ष्य से 18 हजार 251 इंजन अधिक है।
जमशेदपुर यूनिट: वित्तीय वर्ष 2024-25 में 99 हजार 929 इंजन का रिकॉर्ड उत्पादन दर्ज किया गया
पुणे (टीसीपीएल-2): 50 हजार 656 इंजन का निर्माण किया।
टीसीपीएल-3: 19 हजार 447 इंजन बनाए।
मुनाफा और बीआईएस का गणित
मुनाफे पर 8% बोनस निर्धारित है, और कंपनी ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए 548 करोड़ रुपये का मुनाफा तय किया है। बीआईएस (BIS) में 3 पॉइंट निर्धारित हैं, जिसमें से 1.5% फिक्स है। कंपनी ने बीआईएस के लिए 550 पीपीएम (PPM) का लक्ष्य रखा है। इन सभी आंकड़ों को मिलाकर, कर्मचारी इस साल 20% बोनस की उम्मीद कर रहे हैं।
पिछले साल का बोनस :एक करोड़ रुपये से ज़्यादा का वितरण
पिछले वित्तीय वर्ष में भी टाटा कमिंस के कर्मचारियों को 20% बोनस मिला था। उस समय औसत बोनस राशि 1 लाख 12 हजार 989 रुपये 70 पैसे थी। अधिकतम बोनस 1 लाख 37 हजार 860 रुपये और न्यूनतम 71 हजार 358 रुपये था। कंपनी के 779 कर्मचारियों के बीच कुल 8 करोड़ 90 लाख रुपये का वितरण किया गया था। कंपनी प्रबंधन और यूनियन के बीच बोनस का यह फॉर्मूला 2026 तक के लिए मान्य है, जिससे आने वाले समय में भी कर्मचारियों को इसका फायदा मिलने की उम्मीद है।