डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के सीमावर्ती नक्सल प्रभावित इलाके अबूझमाड़ में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच बड़ी मुठभेड़ की खबर सामने आई है। इस मुठभेड़ में अब तक सुरक्षा बलों ने 5 नक्सलियों को मार गिराया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच रुक-रुक कर गोलीबारी हो रही है। मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
स्वचालित राइफल बरामद, दो जवान घायल
अब तक की कार्रवाई में पुलिस को एक स्वचालित राइफल बरामद हुई है। वहीं, इस मुठभेड़ में पुलिस के दो जवान घायल हुए हैं। घायल जवानों को सुरक्षित निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है। माना जा रहा है कि मुठभेड़ में कई नक्सलियों के घायल होने की भी खबर है।
सुबह 8 बजे शुरू हुआ ऑपरेशन
सुरक्षा बलों को उत्तर अबूझमाड़ क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इस आधार पर डीआरजी, एसटीएफ और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने शनिवार सुबह 8 बजे सर्च अभियान शुरू किया। ऑपरेशन के दौरान अचानक नक्सलियों ने हमला कर दिया, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।
अभियान में केंद्रीय कमेटी सदस्य अभय निशाने पर
बताया जा रहा है कि यह अभियान नक्सल संगठन के केंद्रीय कमेटी सदस्य अभय को पकड़ने के लिए चलाया गया था। छत्तीसगढ़ के कांकेर और नारायणपुर जिलों की डीआरजी, बीएसएफ और महाराष्ट्र के सी-60 कमांडोज की संयुक्त टीम इस ऑपरेशन में शामिल है।
स्थिति पर सुरक्षा बलों का नियंत्रण
सुरक्षा बलों ने रणनीतिक तरीके से नक्सलियों को घेरने की कार्रवाई तेज कर दी है। इलाके में स्थिति तेजी से बदल रही है और सुरक्षाबलों की सतर्कता के चलते नक्सलियों पर दबाव बढ़ता जा रहा है।
पढ़े अन्य खबरें–
- खबरें और भी हैं mirrormedia.co.in पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं, आप हमसे जुड़ सकते हैं Facebook, Instagram, X अपने सुझाव या खबरें हमें mirrormedia2019@gmail.com पर भेजें।