लातेहार में मुठभेड़: जेजेएमपी सुप्रीमो पप्पू लोहरा ढेर, 10 लाख का इनामी नक्सली था

KK Sagar
2 Min Read

लातेहार (झारखंड), 24 मई: झारखंड के लातेहार जिले में शनिवार सुबह सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। जिला पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों की संयुक्त कार्रवाई में उग्रवादी संगठन जेजेएमपी (झारखंड जनमुक्ति परिषद) के दो नक्सली मुठभेड़ में मारे गए।

इस मुठभेड़ की अगुवाई खुद लातेहार एसपी कुमार गौरव ने की। मारे गए नक्सलियों में जेजेएमपी का सुप्रीमो और 10 लाख रुपये का इनामी उग्रवादी पप्पू लोहरा शामिल है। उसके साथ मारा गया दूसरा नक्सली प्रभात गंझू था। इसके अलावा, एक अन्य नक्सली घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया है।

मुठभेड़ की पूरी कहानी

सुरक्षा एजेंसियों को खुफिया सूचना मिली थी कि इवाचार जंगल क्षेत्र में जेजेएमपी के नक्सली किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। इस सूचना के आधार पर संयुक्त सुरक्षा बलों ने अभियान चलाया। सर्च ऑपरेशन के दौरान उग्रवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाला।

करीब दो घंटे तक चली इस मुठभेड़ में पप्पू लोहरा और प्रभात गंझू मारे गए। घटनास्थल से एक इंसास राइफल और अन्य हथियार बरामद किए गए हैं। ऑपरेशन के बाद क्षेत्र में सघन सर्च अभियान अब भी जारी है।

कौन था पप्पू लोहरा?

पप्पू लोहरा एक समय में पुलिस के साथ नक्सल विरोधी अभियानों में शामिल हुआ करता था। लगभग सात साल पहले तक वह पुलिस और अर्धसैनिक बलों के साथ सर्च ऑपरेशन में भाग लेता था। लेकिन बाद में वह खुद नक्सली संगठन जेजेएमपी में शामिल हो गया और धीरे-धीरे संगठन का सुप्रीमो बन गया।

उसके खिलाफ कई संगीन वारदातों में शामिल होने के आरोप थे और वह झारखंड पुलिस की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल था।

अधिकारी बोले – “अभियान अभी जारी है”

लातेहार एसपी कुमार गौरव ने बताया कि मुठभेड़ में बड़ी सफलता मिली है, लेकिन अभी अभियान समाप्त नहीं हुआ है। आसपास के जंगलों में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है ताकि अन्य छिपे हुए नक्सलियों को पकड़ा जा सके।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....