डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने जनता के लिए बड़ा ऐलान करते हुए ‘स्वास्थ्य बीमा योजना’ की गारंटी दी है। इस योजना के तहत हर दिल्लीवासी को 25 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा मिलेगा। कांग्रेस ने इस योजना का नाम ‘जीवन रक्षा’ रखा है। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को इस गारंटी का एलान किया। उन्होंने कहा,अगर दिल्ली में कांग्रेस की सरकार बनती है, तो हर नागरिक को स्वास्थ्य बीमा का लाभ मिलेगा। हमने राजस्थान में स्वास्थ्य सुविधाओं को प्राथमिकता दी है, जहां इलाज पूरी तरह मुफ्त है। इसी मॉडल को दिल्ली में लागू करेंगे।
AAP पर साधा निशाना, कांग्रेस की मजबूत तैयारी
अशोक गहलोत ने आम आदमी पार्टी (AAP) पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली की मौजूदा सरकार से लोग बेहद परेशान हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की सरकार बनने की संभावना लगातार बढ़ रही है। इस दौरान दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. किरण वालिया और पूर्व मंत्री डॉ. नरेंद्र नाथ भी मौजूद रहे।
आप से नहीं होगा कोई गठबंधन: देवेंद्र यादव
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने जनता को भरोसा दिलाते हुए कहा कि कांग्रेस इस बार पूरी मजबूती से चुनाव लड़ेगी। उन्होंने साफ किया, हम न पहले AAP के साथ थे, न अब कोई समझौता करेंगे। कांग्रेस सरकार बनाएगी और दिल्ली के लोगों को राहत देगी।
जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का भरोसा
इस ऐलान से कांग्रेस ने चुनावी समर में आम आदमी पार्टी को सीधी चुनौती दी है। ‘जीवन रक्षा योजना’ के तहत हर नागरिक को मुफ्त स्वास्थ्य बीमा देने का वादा दिल्ली की राजनीति में कांग्रेस की वापसी के संकेत दे रहा है। अब देखना होगा कि जनता इस वादे को किस तरह स्वीकार करती है।