महंगे टिकट, फिर भी नहीं मिली फुटबॉलर मेसी की एक झलक — खराब व्यवस्था पर भड़का गुस्सा

KK Sagar
3 Min Read


अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनल मेसी के भारत दौरे की शुरुआत कोलकाता से होते ही बड़ा बवाल देखने को मिला। तीन दिवसीय भारत दौरे पर आए मेसी, जो UNICEF के ब्रांड एम्बेसडर के रूप में ‘GOAT इंडिया टूर’ पर हैं, सॉल्ट लेक स्टेडियम पहुंचे थे। सुपरस्टार की एक झलक पाने के लिए हजारों फैंस सुबह से ही स्टेडियम के बाहर और भीतर जमा थे, लेकिन खराब व्यवस्था और अव्यवस्था के चलते माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया।


एक झलक के लिए बेकाबू हुए फैंस

सॉल्ट लेक स्टेडियम में मेसी के पहुंचते ही फैंस का जोश चरम पर था। कई प्रशंसक मेसी को करीब से देखने के लिए स्टेडियम की बैरिकेडिंग पर चढ़ने की कोशिश करने लगे। हालात बिगड़ते देख कुछ फैंस भड़क गए और चेयर व पानी की बोतलें फेंकनी शुरू कर दीं। देखते ही देखते स्टेडियम में अफरा-तफरी मच गई।


खराब व्यवस्था से भड़का गुस्सा

रिपोर्ट्स के मुताबिक, व्यवस्थाओं में कमी के कारण फैंस का गुस्सा फूट पड़ा। वहीं, कई प्रशंसक इस बात से भी नाराज दिखे कि लियोनल मेसी बहुत जल्दी स्टेडियम से वापस लौट गए। जानकारी के अनुसार, मेसी 10 मिनट से भी कम समय के लिए स्टेडियम के अंदर रुके और फिर सुरक्षा कारणों से अन्य वीवीआईपी के साथ बाहर चले गए।


महंगे टिकट, फिर भी नहीं मिली एक झलक

कई फैंस ऐसे भी थे, जिन्होंने मेसी को देखने के लिए 2,000 से लेकर 10,000 रुपये तक खर्च किए थे। घंटों इंतजार के बावजूद जब उन्हें अपने पसंदीदा खिलाड़ी की एक झलक भी नहीं मिली, तो नाराजगी और बढ़ गई।


बैरिकेड्स टूटे, मैदान में घुसे फैंस

जैसे ही यह साफ हुआ कि कार्यक्रम आगे नहीं बढ़ेगा, स्टेडियम के चारों ओर जोरदार हूटिंग शुरू हो गई। गुस्साए फैंस ने बैरिकेड्स तोड़ दिए और मैदान में घुस गए। इस दौरान मैदान पर भी जमकर तोड़फोड़ हुई और बार पोस्ट तक को नुकसान पहुंचाया गया।


सुरक्षा कड़ी, हालात पर काबू

स्थिति बिगड़ने के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई और हालात पर काबू पाने की कोशिश की गई। हालांकि इस घटना ने मेसी के बहुप्रतीक्षित भारत दौरे की शुरुआत को विवादों में ला दिया।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....