हजारीबाग के कटकमसांडी जंगल में नकली विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ : तस्कर मौके से फरार

KK Sagar
2 Min Read

हजारीबाग। जिले के कटकमसांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत आराभुसई आदिवासी टोला के जंगल में अवैध रूप से नकली विदेशी शराब निर्माण का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।

इस टीम का नेतृत्व पुलिस निरीक्षक ने किया, जिसमें थाना प्रभारी और सशस्त्र बल के जवान भी शामिल थे।

जंगल में झोपड़ी से मिला नकली शराब का जखीरा

छापामारी के दौरान जंगल के भीतर एक अस्थायी झोपड़ी में नकली विदेशी शराब बनाने का बड़ा जखीरा बरामद किया गया। पुलिस को देखते ही तस्कर मौके से फरार हो गए। हालांकि स्थानीय चौकीदार की मदद से उनकी पहचान कर ली गई है।

झोपड़ी की तलाशी में पुलिस को भारी मात्रा में सामग्री मिली, जिसमें शामिल हैं—

सैकड़ों खाली बोतलें

नकली लेबल और स्टीकर

ढक्कन, बारकोड

नामी ब्रांड्स जैसे IMPERIAL BLUE, ICONIC WHITE और MCDOWELLS के फर्जी रैपर

शराब भरने के उपकरण

स्प्रिट जैसा नशीला तरल भी बरामद

पुलिस ने मौके से एक 10 लीटर का प्लास्टिक जार भी बरामद किया, जिसमें स्प्रिट जैसी गंध वाला नशीला तरल पदार्थ पाया गया। आशंका है कि इसका उपयोग नकली शराब तैयार करने में किया जा रहा था।

मामला दर्ज, गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज

इस पूरे मामले में कटकमसांडी थाना कांड संख्या 21/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता एवं उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

पुलिस अब फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चला रही है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....