मिरर मीडिया संवाददाता, धनबाद: सिविल कोर्ट धनबाद में महिला कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश वीरेंद्र कुमार तिवारी ने सोमवार को फीडिंग रूम का उद्घाटन किया। यह व्यवस्था विशेष रूप से उन महिला कर्मचारियों के लिए की गई है, जिनके छोटे बच्चे हैं।
फीडिंग रूम में बच्चों के खेलने के लिए खिलौने और अन्य आवश्यक सामग्री का इंतजाम लायंस क्लब ऑफ कतरास के सहयोग से किया गया है। उद्घाटन के अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि यह पहल महिला कर्मचारियों की कार्यस्थल पर सुविधा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने यह भी बताया कि जल्द ही सिविल कोर्ट परिसर में अन्य चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष की पहल पर हुआ कार्य
इस संबंध में अवर न्यायाधीश सह सचिव डालसा राकेश रौशन ने जानकारी देते हुए बताया कि इस फीडिंग रूम की स्थापना सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष उत्तम मुखर्जी की पहल पर की गई है। लायंस क्लब ऑफ कतरास के डॉ. उमाशंकर सिंह, डॉ. बी.एन. चौधरी और अन्य सदस्यों ने बच्चों के लिए खिलौने और अन्य सामग्री उपलब्ध कराई।
लायंस क्लब की डॉ. मधुमाला और चंदन कुमार ने इस अवसर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और आगे भी सहयोग जारी रखने का आश्वासन दिया। उन्होंने यह भी बताया कि लायंस क्लब कोर्ट परिसर में हेल्थ चेकअप कैंप के आयोजन में भी सहायता करेगा।
यह पहल सिविल कोर्ट धनबाद में महिला कर्मचारियों और उनके बच्चों की सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

