डिजिटल डेस्क/ जमशेदपुर : पोटका थाना क्षेत्र के व्यस्ततम हाता चौक पर बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। जादूगोड़ा की ओर से आ रहे कोयला लदे ट्रेलर और ओड़िशा से जमशेदपुर की ओर जा रहे ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि कोयला लदा ट्रेलर सड़क पर ही पलट गया, जबकि अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे स्थित एक दुकान में जा घुसा।
इस दुर्घटना में दुकान को भारी क्षति पहुंची है। पीड़ित दुकानदार मनीष साहू के अनुसार, ट्रक के दुकान में घुसने से उनका लगभग दो लाख रुपये का सामान नष्ट हो गया है। उन्होंने प्रशासन से मुआवजे की गुहार लगाई है। हादसे के वक्त सड़क पर सन्नाटा था, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई, हालांकि ट्रेलर चालक को मामूली चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पोटका पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि हाता चौक पर वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने के लिए स्पीड ब्रेकर या पुलिस चेक पोस्ट की व्यवस्था की जाए, क्योंकि यहां तेज रफ्तार वाहनों के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं।

