धनबाद के तोपचांची में भीषण सड़क हादसा: कोयला खदान निकले मजदूरों की वैन पलटी, सड़क पर मचा कोहराम, 30 से अधिक घायल

0
403

धनबाद/तोपचांची – झारखंड के धनबाद जिले के तोपचांची थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 30 से अधिक मजदूर घायल हो गए। हादसा लेदाटाड़, एनएच-19 के पास उस समय हुआ जब अवैध कोयला खदान की ओर जा रही एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। वैन में करीब 40 से 45 मजदूर सवार थे, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल मजदूरों को बाहर निकाला और तुरंत एंबुलेंस की मदद से तोपचांची सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अस्पताल में घायलों की भारी भीड़ के कारण अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

20 गंभीर घायल SNMMCH रेफर, कई की हालत नाजुक

प्राथमिक उपचार के बाद 20 गंभीर रूप से घायल मजदूरों को शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SNMMCH), धनबाद रेफर किया गया है। सूत्रों के अनुसार, कई मजदूरों को सिर, रीढ़ और हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं।

अवैध खदानों की सच्चाई उजागर: मजदूरों की सुरक्षा पर सवाल

घायलों में से एक मजदूर ने बताया कि वे गिरिडीह जिले के धावाटाड़, पीरटांड़ और डुमरी क्षेत्रों से प्रतिदिन इसी तरह पिकअप वैन से कतरास स्थित अवैध कोयला खदानों में काम करने जाते हैं। यह घटना एक बार फिर अवैध खनन गतिविधियों और मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

चालक फरार, तेज रफ्तार की थी शिकायत

हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। मजदूरों ने आरोप लगाया कि वाहन काफी तेज गति से चलाया जा रहा था और कई बार झटके भी महसूस हुए। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश की जा रही है।