बहरागोड़ा में फिल्मी स्टाइल में बैंक डकैती: गन पॉइंट पर 15 लाख की लूट, जाते-जाते ग्राहकों को अंदर कर बाहर से जड़ दिया ताला

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले से बड़ी वारदात सामने आई है। यहां मंगलवार दोपहर अपराधियों ने पुलिस को चुनौती देते हुए दिनदहाड़े केनरा बैंक में डकैती डाली। साकरा पंचायत स्थित इस बैंक से नकाबपोश लुटेरों ने करीब 15 लाख रुपये नकद और गहनों पर हाथ साफ कर दिया।

दहशत का वो एक घंटा: क्या हुआ बैंक के अंदर?
दोपहर करीब 1:45 बजे का समय था, जब बैंक में सामान्य कामकाज चल रहा था। तभी 5 से 6 हथियारबंद अपराधी बैंक परिसर में दाखिल हुए।

चश्मदीदों के मुताबिक

बंधक बनाए गए लोग: लुटेरों ने देशी कट्टा और कटारी (धारदार हथियार) की नोंक पर बैंक कर्मचारियों और वहां मौजूद ग्राहकों को एक कोने में बैठने पर मजबूर कर दिया।

मैनेजर से मांगा सोना: बैंक प्रबंधक नानाजी राव ने बताया कि अपराधियों ने लॉकर की चाबी मांगी और सोना लूटने की कोशिश की। सोना न मिलने पर उन्होंने सहायक प्रबंधक सौरभ वर्मा के गले से सोने की चेन और अंगूठी छीन ली।

मोबाइल भी ले उड़े: साक्ष्य मिटाने और पुलिस को तुरंत सूचना देने से रोकने के लिए लुटेरों ने सभी के मोबाइल फोन छीन लिए।

बाहर से लगाया ताला: वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने फिल्मी अंदाज में बैंक के मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लटका दिया और फरार हो गए।

पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची बहरागोड़ा थाना पुलिस ने बैंक का ताला काटकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला।

स्थानीय पुलिस प्रशासन का कहना है कि पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी जारी है। अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share This Article