आंध्र प्रदेश के कुरनूल में चलती बस में लगी आग, 20 यात्री जिंदा जले, राष्ट्रपति-पीएम ने जताया शोक

Neelam
By Neelam
4 Min Read

आंध्र प्रदेश के कुरनूल में बड़ा हादसा हो गया। हैदराबाद से बंगलूरू जा रही सवारियों से भरी बस में भीषण आग लग गई। इस हादसे में 20 लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि बस एक दोपहिया वाहन से टकराई जिसके बाद, बस में आग लग गई। हादसे के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने शोक जताया और मदद का आश्वासन दिया।

40 लोग थे सवार

जानकारी के मुताबिक, बस में करीब 40 यात्री सवार थे। जानकारी के मुताबिक आग लगने के बाद इनमें से कम से कम 12 यात्रियों ने इमरजेंसी एग्जिट से कूदकर अपनी जान बचाई। बाकी यात्रियों में से कई गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घायलों को तुरंत कुरनूल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे में 20 से अधिक यात्रियों की मौत हुई है। 

21 यात्रियों को बचाया गया

​कुरनूल जिला कलेक्टर डॉ ए सिरी ने कहा कि यह दुर्घटना सुबह 3 से 3:10 बजे के बीच हुई। जब बस एक बाइक से टकरा गई। इससे ईंधन रिसाव हुआ और आग लग गई। 41 यात्रियों में से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया है। बाकी 20 में से 11 के शवों की अब तक पहचान हो चुकी है। बाकी की पहचान के प्रयास जारी हैं।

अभी तक 11 शवों की शिनाख्त

पुलिस ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण बस का दरवाजा जाम हो गया और कुछ ही मिनटों में गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। 41 यात्रियों में से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया है। बाकी 20 में से 11 के शवों की अब तक पहचान हो पाई है। बाकी की पहचान के प्रयास जारी हैं।  

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हादसे पर दुख जताया

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश के कुरनूल में बस में आग लगने की दुखद घटना में हुई जान-माल की हानि अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

पीएम मोदी ने जताई संवेदना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कुरनूल सड़क हादसे पर दुख जताया है। प्रधानमंत्री कार्यालय के आधिकारिक एक्स हैंडल पर जारी संदेश के मुताबिक पीएम मोदी ने कहा, आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में हुई दुर्घटना में जान-माल की हानि से अत्यंत दुःखी हूं। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

सीएम चंद्रबाबू नायडू ने शोक जताया

मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। सीएम चंद्रबाबू नायडू ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘मुझे कुरनूल जिले के चिन्ना टेकूर गांव के पास हुए भयानक बस आग दुर्घटना के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। सरकारी अधिकारी घायलों और प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद देंगे। उन्होंने घटना की डिटेल्स जानने के लिए राज्य के चीफ सेक्रेटरी और दूसरे अधिकारियों से भी बात की है और सभी सीनियर अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर बचाव कार्यों में हिस्सा लेने का निर्देश दिया है।

Share This Article