बिहार की राजधानी पटना के प्रतिष्ठित बिस्कोमान भवन में शुक्रवार को अफरा-तफरी का माहौल हो गया, जब इसकी 13वीं मंजिल पर अचानक आग लग गई।आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर से ही आसमान में उठता हुआ दिखाई दे रहा था। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
45 मिनट के अंदर आग पर पाया गया काबू
पटना के ऐतिहासिक और सबसे व्यस्त व्यावसायिक परिसरों में से एक बिस्कोमान भवन में जब आग लगी तब बिल्डिंग का गार्ड मौजूद था। उसने देखा कि पूरी बिल्डिंग में धुआं भर रहा है तो बाहर निकलकर देखा तो 13वीं मंजिल की खिड़कियों से आग की लपटें दिखाई दीं। इसके बाद उसने पुलिस और फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी। जिसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बिस्कोमान भवन पहुंच गईं। फायर ब्रिगेड ने करीब 45 मिनट के अंदर आग पर काबू पा लिया गया।
हाईड्रोलिक गाड़ियों की मदद से बुझी आग
मिली जानकारी के मुताबिक, करीब सुबह के 3:45 मिनट से पहले आग लगी थी। बिस्कोमान भवन की ऊंचाई को देखते हुए तुरंत भारी संख्या में दमकल की गाड़ियों को रवाना किया गया। मौके पर अग्निशमन दस्ते की 5 अत्याधुनिक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म (सीढ़ी) गाड़ियां और 12 बड़े वॉटर बाउजर (पानी के टैंकर) पहुंचे। हाई-राइज बिल्डिंग होने के कारण आग बुझाने में आ रही दिक्कतों को देखते हुए हाइड्रोलिक गाड़ियों की मदद से जवानों ने 13वें फ्लोर तक पहुंच बनाई।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए अग्निशमन दस्ते के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बिस्कोमान भवन के 13वें फ्लोर पर स्थित बेल्ट्रॉन ऑफिस से आग की शुरुआत हुई थी। शुरुआती जांच और स्थिति को देखते हुए अधिकारी ने स्पष्ट किया कि आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है। अधिकारी ने बताया कि इस अग्निकांड में बेल्ट्रॉन ऑफिस को भारी नुकसान पहुंचा है। कमरे की फॉल्स सीलिंग पूरी तरह जलकर नीचे गिर गई। इसके अलावा ऑफिस में रखे कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, कंप्यूटर, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य कीमती सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए।

