NML केरला पब्लिक स्कूल और कॉम्बी मिल में हुआ अग्नि सुरक्षा मॉक ड्रिल!

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता और सतर्कता बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन और अग्निशमन विभाग ने संयुक्त रूप से NML केरला पब्लिक स्कूल, लिट्टी चौक और कॉम्बी मिल कंपनी में एक मॉक ड्रिल का आयोजन किया। इस अभ्यास के दौरान अग्निशमन विभाग के अधिकारी सुरेंद्र यादव ने छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को आपात स्थिति से निपटने के लिए महत्वपूर्ण सुरक्षा उपाय बताए। उन्होंने अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग और सुरक्षित निकासी प्रक्रियाओं के बारे में भी जानकारी दी। औद्योगिक परिसरों में आग से जुड़े खतरों की पहचान करने और उनसे बचाव के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।

मॉक ड्रिल में सायरन बजाकर आग लगने की काल्पनिक स्थिति बनाई गई, जिसके बाद तत्काल बचाव और अग्निशमन प्रक्रियाओं का प्रदर्शन किया गया। उपायुक्त सत्यार्थी ने इस अवसर पर कहा कि अग्नि सुरक्षा को लेकर जन जागरूकता और समय-समय पर आयोजित होने वाले मॉक ड्रिल न केवल जान-माल की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण हैं, बल्कि ये नागरिकों को आपदा के समय अपनी सुरक्षा करने में भी सक्षम बनाते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि जिला प्रशासन द्वारा शैक्षणिक संस्थानों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों में नियमित रूप से मॉक ड्रिल आयोजित किए जाएंगे, ताकि सभी स्तरों पर आपदा प्रबंधन क्षमता को मजबूत किया जा सके।

Share This Article