बिहार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव के समधी के घर पर फायरिंग, जानें पूरा मामला

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बिहार में एक बार फिर अपराधियों के हौसले बुलंद होते दिख रहे हैं। इस बार अपराधियों ने बिहार सरकार में कृषि मंत्री के रिश्तेदार के घर को निशाना बनाया है। राजधानी पटना से सटे मनेर इलाके में बीती रात अपराधियों ने कृषि मंत्री रामकृपाल यादव के समधी के आवास को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग की।

गोलीबारी के बाद लाठी-डंडों से मारपीट

बताया जा रहा है कि अपराधियों ने तकरीबन 15 राउंड फायरिंग की। व्यापुर पूर्वी गली में इस वारदात के दौरान लाठी, डंडे से मारपीट की गई और तलवारें तक चलाई गईं। देर रात करीब एक दर्जन से अधिक हमलावरों ने घर को घेर लिया। पहले गोलीबारी की, उसके बाद हमलावर घर में घुस गए और तलवार, लाठी-डंडों तथा ईंट-पत्थरों से परिजनों के साथ बेरहमी से मारपीट की।

हमले में तीन लोग गंभीर रूप से घायल

घायलों की पहचान रामकृपाल यादव के समधी राजेंद्र सिंह के पुत्र पप्पू, स्वर्गीय भूपेंद्र सिंह के बेटे मनीष उर्फ गुड्डू और नितीश उर्फ बबलू के रूप में हुई है। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत पटना एम्स और एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

घटना की जानकारी मिलते ही मनेर पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए गे हैं। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। हमलावरों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी तेज कर दी गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।

Share This Article