CJP प्रदर्शन पर दिल्ली पुलिस की पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस, पाकिस्तान से फेक पोस्ट फैलाने का दावा; STF का गठन

KK Sagar
3 Min Read

जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन लगातार जारी है। इस बीच दिल्ली पुलिस ने पहली बार प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रदर्शन से जुड़े घटनाक्रम और सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे कथित फेक नैरेटिव को लेकर बड़ा खुलासा किया। पुलिस ने कहा कि प्रदर्शन को लेकर सोशल मीडिया पर झूठी और भ्रामक जानकारियां फैलाकर लोगों में भ्रम और दहशत का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि इंस्टाग्राम समेत विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल कर फर्जी वीडियो और भ्रामक पोस्ट साझा किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाली हर पोस्ट सही नहीं होती और दिल्ली पुलिस लगातार सभी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।

डीसीपी ने बताया कि एक वायरल पोस्ट में 20 जुलाई की घटना में एक लड़की की मौत होने का दावा किया गया था, लेकिन जांच में यह दावा पूरी तरह झूठा पाया गया। इसके अलावा एक नेता द्वारा वीडियो पोस्ट कर यह दावा किया गया कि केंद्र सरकार रात में प्रदर्शन पर कार्रवाई (क्रैकडाउन) की तैयारी कर रही है, जबकि पुलिस के अनुसार यह भी भ्रामक जानकारी थी।

दिल्ली पुलिस ने दावा किया कि पाकिस्तान से संचालित कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए भी फर्जी पोस्ट प्रसारित किए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, ऐसे कुछ हैंडल ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भी सक्रिय थे। वहीं, सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का एक कथित फेक वीडियो भी प्रसारित किया गया, जिसमें उनकी आवाज बदलकर अलग संदेश देने की कोशिश की गई। इसके अलावा डीपफेक तकनीक का इस्तेमाल कर जंतर-मंतर पर सेना की तैनाती का झूठा दावा भी सोशल मीडिया पर फैलाया गया।

इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए दिल्ली पुलिस ने फर्जी पोस्ट, डीपफेक वीडियो और भ्रामक प्रचार की जांच के लिए एक विशेष कार्यबल (STF) का गठन किया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी खबर या वीडियो को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूर करें और अफवाहों से बचें।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....