अंतरिक्ष की ओर उड़ान: 76 हज़ार छात्रों को पछाड़कर 30 युवा एस्ट्रोनामर इसरो जाएंगे

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क/जमशेदपुर : टाटा स्टील और पठानी सामंत तारामंडल द्वारा आयोजित 19वें यंग एस्ट्रोनामर टैलेंट सर्च (YATS) के ग्रैंड फिनाले में 30 मेधावी छात्रों को विजेता चुना गया। इन विजेताओं को अब पुरस्कार के रूप में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन की प्रयोगशालाओं का भ्रमण करने और देश के शीर्ष वैज्ञानिकों से मिलने का मौका मिलेगा।

भुवनेश्वर में आयोजित इस भव्य समारोह में ओडिशा के विज्ञान व प्रौद्योगिकी मंत्री कृष्ण चंद्र पात्र ने विजेताओं को सम्मानित किया। उन्होंने इस मंच को ओडिशा के महान खगोलशास्त्री पठानी सामंत की विरासत को सहेजने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

इस वर्ष प्रतियोगिता में राज्य भर से रिकॉर्ड 76,700 से अधिक छात्रों ने हिस्सा लिया था। कड़े मुकाबले के बाद 60 छात्र फाइनल राउंड में पहुंचे, जिनमें से टॉप 30 का चयन किया गया। टाटा स्टील के वीपी (कॉर्पोरेट सर्विसेज) डीबी सुंदर रामम ने कहा कि यह प्रतियोगिता केवल एक ज्ञान जांच नहीं, बल्कि वैज्ञानिक चेतना का उत्सव है, जो युवाओं में ब्रह्मांड को जानने की जिज्ञासा और साहस भरती है।

प्रतियोगिता की थीम ‘स्टारगेजर टुडे, गगनाट टुमारो’ (आज के तारा देखने वाले, कल के गगन यात्री) भारत के महत्वाकांक्षी गगनयान मिशन को समर्पित थी। समारोह में इसरो के वैज्ञानिक अमिताभ मोहंती और अन्य विशेषज्ञों ने छात्रों को स्पेस साइंस में करियर बनाने की संभावनाओं पर मार्गदर्शन दिया। यह अभियान अब तक 4.7 लाख छात्रों तक पहुंच बना चुका है।

Share This Article