हजारीबाग। स्वास्थ्य, चिकित्सा-शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, झारखंड सरकार, रांची के निर्देश पर हजारीबाग जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। अभिहित अधिकारी सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शशि जायसवाल के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मोहम्मद मंजर हुसैन ने इचाक मोड़ स्थित कई दुकानों का निरीक्षण किया।
एक्सपायरी सामान नष्ट
जांच के दौरान करीब 5 किलो एक्सपायरी खाद्य सामग्री नष्ट की गई। वहीं, रसगुल्ला में खाद्य रंग और स्टार्च की अधिकता पाए जाने पर उसे भी तत्काल नष्ट कर दिया गया।
बिना लाइसेंस दुकानों पर कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान कई दुकानों को बिना लाइसेंस के व्यापार करते पाया गया। ऐसे प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किया गया और लाइसेंस प्राप्त करने का निर्देश दिया गया।
स्कूलों में भी हुई जांच
इसी क्रम में मिड-डे मील योजना के तहत मिडिल स्कूल नगवा और प्राइमरी स्कूल सिरसी की भी जांच की गई। जांच में स्वच्छता और भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया गया।
साफ-सफाई और स्वच्छता पर निर्देश
सभी खाद्य व्यवसायियों (FBO) को निर्देश दिया गया कि—
व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखें।
उपयोग में आने वाले बर्तनों और सफाई के कपड़ों को स्वच्छ रखें।
ठेला-खोमचा और पूरे परिसर की नियमित सफाई सुनिश्चित करें।
जांच दल में रहे शामिल
इस कार्रवाई में विकाश शर्मा, सूरज कुमार, शशि भूषण मुंडा और चालक धनेश्वर कुशवाह भी शामिल रहे।

