बिहार प्रगति के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश के विकास को पंख लगाते हुए नीतीश कुमार सरकार ने पैदल चलने वाले लोगों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर बड़ा ऐलान किया है। सीएम नीतीश ने सात निश्चय-3 का जिक्र करते हुए सड़क पर पैदल चलने वाले लोगों के लिए बड़ा फैसला लिया है। ताकि आम लोगों को कोई परेशानी ना हो। सीएम नीतीश ने पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए परिवहन विभाग को कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए हैं।
पैदल चलने वालों को सम्मान और सुविधा
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ के माध्यम से राज्यवासियों के लिए एक बड़ी घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में लिखा कि बिहार प्रगति के पथ पर है और लोगों की आमदनी बढ़ने से सड़कों पर वाहनों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क पर सुरक्षित एवं सम्मानपूर्वक चलना पैदल चलने वालों का पहला अधिकार है। इसे सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग को कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।
क्या है सरकार का रोडमैप?
सरकार ने शहरी इलाकों, खासकर भीड़भाड़ वाले स्थानों पर फुटपाथ बनाने का आदेश दिया है। जहां जरूरत होगी, वहां जेब्रा क्रॉसिंग बनाई जाएगी ताकि लोग सुरक्षित सड़क पार कर सकें। इसके अलावा फुट ओवरब्रिज, एस्केलेटर और अंडरपास बनाने की भी योजना है। वाहन चालकों को प्रशिक्षण देने का निर्देश भी दिया गया है, ताकि वे पैदल यात्रियों के अधिकारों के प्रति संवेदनशील बनें। जिन जगहों पर ज्यादा दुर्घटनाएं होती हैं, उन्हें ‘ब्लैक स्पॉट’ के रूप में चिन्हित कर वहां फुटपाथ और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे..
सीएम नीतीश के बड़े फैसले
1. सड़क सुरक्षा के मानकों को ध्यान में रखते हुए राज्य के शहरी क्षेत्रों में विशेषकर भीड़-भाड़ वाले स्थानों को चिह्नित कर यथाशीघ्र फुटपाथ बनाने निर्देश दिया गया है।
2. सड़कों पर पैदल चलने वाले लोगों की सुविधा के लिए चिह्नित जगहों पर जेब्रा क्रॉसिंग बनाने का निर्देश दिया गया है।
3. पैदल चलने वाले लोगों की सुविधा के लिए चिह्नित स्थानों पर फुट ओवर ब्रिज/एस्केलेटर और अंडरपास बनाने का निर्देश दिया गया है।
4. सभी सरकारी एवं निजी वाहन चालकों को प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया गया है, ताकि वाहन चालक सड़कों पर पैदल चलने वाले लोगों के अधिकारों के प्रति संवेदनशील हो सकें।
5. राज्य के ग्रामीण एवं शहरी इलाकों में अधिक सड़क दुर्घटना की संभावना वाली जगहों को चिह्नित कर पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ का निर्माण एवं सी॰सी॰टी॰वी॰ कैमरा लगाने का निर्देश दिया गया है, ताकि उसका आकलन कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

