डिजिटल डेस्क । मिरर मीडिया: पूर्व मध्य रेल (ECR) के बंधुआ स्टेशन लिमिट में सोमवार को एक ऐतिहासिक कार्य को अंजाम दिया गया। पहली बार किसी क्रॉसओवर पॉइंट को मैन्युअल तरीके से सफलतापूर्वक शिफ्ट किया गया। यह कार्य बंधुआ स्टेशन के हावड़ा साइड स्थित क्रॉसओवर (Point No- 51/B) पर किया गया, जो UP GC और DN GC लाइनों को जोड़ता है।
इस क्रॉसओवर की लंबाई कम होने के कारण बार-बार अलाइनमेंट करेक्शन की आवश्यकता पड़ रही थी, जिससे DN GC में 75 किलोमीटर प्रति घंटे की गति सीमा का प्रतिबंध (caution) लागू था। यात्रियों की सुरक्षा और संचालन की दक्षता को ध्यान में रखते हुए इस समस्या के स्थायी समाधान हेतु मैन्युअल शिफ्टिंग का निर्णय लिया गया।
कार्य के दौरान 51/B पॉइंट को 3.5 मीटर तक शिफ्ट किया गया। इस तकनीकी चुनौती को पूरा करने में 22 मैकेनिकल जैक, 14 विशेष रूप से निर्मित रोलर्स और लगभग 150 रेलकर्मियों की टीम ने अपना योगदान दिया। उल्लेखनीय है कि यह संपूर्ण कार्य केवल तीन घंटे की निर्धारित अवधि में सफलतापूर्वक संपन्न कर लिया गया।
रेलवे अधिकारियों ने इस उपलब्धि को तकनीकी दक्षता और टीमवर्क का उत्कृष्ट उदाहरण बताया है, जो भविष्य में रेलवे परियोजनाओं के लिए एक मिसाल बनेगा।