सुंदरनगर में वन महोत्सव का आयोजन, वृक्षारोपण कर दिया संदेश

Manju
By Manju
3 Min Read

जमशेदपुर : वन पर्यावरण व जलवायु परिवर्तन विभाग, झारखंड सरकार के वन प्रमंडल जमशेदपुर के अंतर्गत मानगो वन प्रक्षेत्र की ओर से 72वां वन महोत्सव का आयोजन चेशायर होम, सुंदरनगर पटेलबागान में किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पोटका के विधायक संजीव सरदार उपस्थित थे, जबकि मौके पर वन प्रमंडल पदाधिकारी, जमशेदपुर ममता प्रियदर्शी, संलग्न पदाधिकारी अलोक कुमार वर्मा, सेवानिवृत मुख्य वन संरक्षक नरेंद्र प्रसाद आदि मौजूद थे। कार्यक्रम का शुभारंभ पोटका के विधायक संजीव सरदार ने चेशायर होम परिसर में वृक्षारोपण कर किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि मनुष्य जीवन को जीवन जीने के लिए अक्सीजन की जरूरत होती है और अक्सीजन का मुख्य स्रोत पेड़-पौधे है। वैसे तो सभी वृक्ष दिन के समय ऑक्सीजन देते हैं, जो जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है लेकिन पीपल का वृक्ष दिन-रात सबसे ज्यादा ऑक्सीजन प्रदान करने वाला वृक्ष है।

हमारे वायुमण्डल में विभिन्न श्रोतों से अनेक जहरीली गैस तथा रसायन मिल जाते हैं इन जहरीली गैस तथा रसायनों को वायुमण्डल से साफ करने में पेड़-पौधे प्रमुख भूमिका निभाते हैं, इसलिए मनुष्य जीवन मे पेड़-पौधो का काफी महत्व है, लेकिन पेड़-पौधा लगाना और उसकी रक्षा करना केवल वन विभाग का काम नहीं है, बल्कि हम सभी का कर्तव्य बनता है कि हम सभी अपने जीवनकाल में पेड़-पौधा लगायें और उसकी रक्षा करें। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज शुरू से ही प्रकृति को पूजते आया है। जल, जंगल और जमीन से आदिवासी समाज का असीम प्रेम रहा है। इसलिए पूरे विश्व मे देखा जाय तो जहां आदिवासी हैं, वहीं जंगल है। यानि आदिवासियों ने हमेशा ही जंगल को बचाने का काम किया हैं। हमे भी आदिवासियों की भाव़ना को समझना होगा, जंगल बचानेवालों लोगों को प्रेरित करना होगा। जमशेदपुर वन प्रमंडल पदाधिकारी ममता प्रीयदर्शी ने कहा कि वृक्ष लगाने और वृक्षों को बचाने के काम में समाज भी आगे आये, जिससे कि सरकार का यह प्रयास सफल हो। इस अवसर पर जमशेदपुर वन प्रमंडल के सहायक वन संरक्षक देवाशिष प्रसाद, सहायक वन संरक्षक अमित कुमार चौधरी, वन परिसर पदाधिकारी दिग्वीजय सिंह, चेशायर होम की कमेटी मेंबर डॉ जया मोइत्रा, सिस्टर फिलोमीना आदि उपस्थित थे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *