बिहार के पूर्व मंत्री नंदकिशोर यादव बनाए गए नागालैंड के राज्यपाल, विधानसभा चुनाव में कटा था टिकट

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार की राजनीति में बड़े राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिले। पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने की घोषणा की। इस बीच रिटायर लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन को बिहार का नया राज्यपाल बना दिया गया। बिहार के तीसरे बड़े राजनीतिक घटनाक्रम में बिहार के अपने बड़े नेता नंद किशोर यादव को नागालैंड का राज्यपाल बनाया गया है।

नंद किशोर यादव के पास राजनीति का लंबा अनुभव

बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और बीजेपी के सीनियर नेता नंद किशोर यादव को 5 मार्च को राष्ट्रपति ने नागालैंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया। नंद किशोर यादव पटना साहिब से कई बार विधायक रह चुके हैं। वो बिहार सरकार में मंत्री, बिहार बीजेपी के अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रह चुके हैं। इसके साथ ही बिहार की राजनीति में उनका काफी लंबा सफर रहा है।

विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने काटा था टिकट

बता दें कि पिछले साल नवंबर में हुए बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान बीजेपी ने सिटिंग विधायक रहे नंद किशोर यादव का टिकट काट दिया था। पटना साहिब सीट से नंद किशोर यादव की जगह रत्नेश कुशवाहा को टिकट दिया गया था। टिकट कटने पर जहां कई नेता बागी हो जाते हैं और कई बार पार्टी लाइन के खिलाफ बयानबाजी भी करते हैं ऐसा कुछ करने की जगह नंद किशोर यादव ने पार्टी का फैसला बताते हुए टिकट कटने पर कोई नकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं दी थी।

सम्राट चौधरी ने नंद किशोर यादव को दी बधाई

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर पोस्ट शेयर कर नंद किशोर यादव को बधाई भी दी। सम्राट चौधरी ने लिखा, “वरिष्ठ भाजपा नेता नंद किशोर यादव जी को नागालैंड का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई और असंख्य शुभकामनाएं। आपका अनुभव और कौशलपूर्ण व्यवहार निश्चित ही राज्यपाल की भूमिका में अनुकरणीय होगा।”

सफल कार्यकाल के लिए अनंत मंगलकामनाएं- सरावगी

बिहार बीजेपी के चीफ संजय सरावगी ने एक्स पोस्ट में कहा, “नागालैंड के राज्यपाल के रूप में बिहार के वरिष्ठ नेता श्री नंद किशोर यादव जी को नियुक्त होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आपकी नेतृत्व क्षमता और जनसेवा के प्रति समर्पण से नागालैंड राज्य विकास, शांति और समृद्धि की नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा। आपको सफल कार्यकाल के लिए अनंत मंगलकामनाएं!”

Share This Article