
मिरर मिडिया :झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास को ओडिशा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। जबकि इंद्र सेना रेड्डी नल्लू को त्रिपुरा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति भवन की ओर से इस आशय की अधिसूचना जारी कर दी गई है।
जमशेदपुर से अपना राजनीतिक करियर शुरू करने वाले रघुवर दास पांच साल झारखंड के मुख्यमंंत्री रह चुके हैं। झारखंड के छठे सीएम बनने से पहले वे राज्य में कई बड़ी जिम्मेदारियां निभा चुके हैं और भाजपा में उच्च पदों पर रह चुके हैं। वर्तमान में वे भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। इस बीच अब उन्हें ओडिशा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
जैसे-जैसे लोकसभा के चुनाव नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे झारखंड में बड़े उलटफेर देखने को मिल रहे हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि झारखंड में मुख्यमंत्री के उम्मीदवार को लेकर अंदरुनी कलह सतह पर न आए इसलिए ऐसा किया गया, ताकि बाबूलाल मरांडी को आगे लाया जा सके।
रघुवर दास पिछली बार विधायक का चुनाव हार गए थे, जिसका कारण पार्टी से ही बगावत करने वाले सरयू राय थे। उन्होंने रघुवर दास को जमशेदपुर पूर्वी से हराते हुए जीत दर्ज की थी।
बाबूलाल मरांडी को भाजपा पहले ही झारखंड का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त कर चुकी है। इसके पहले दीपक प्रकाश के पास यह जिम्मेदारी थी। अब ऐसे मे यह उम्मीद लगाई जा सकती है कि पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास को राजपाल नियुक्त करने के बाद बाबूलाल मरांडी का रास्ता अगले विधानसभा चुनाव में साफ हो गया है।