जमशेदपुर। एकीकृत बिहार क्रिकेट संघ के पूर्व सचिव व झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) के पूर्व उपाध्यक्ष बीएन सिंह उर्फ बुल्लू सिंह का बुधवार दोपहर बिष्टूपुर स्थित काट्रेक्टर्स एरिया स्थित आवास पर निधन हो गया। वह 75 वर्ष के थे। इनके कार्यकाल में ही 2003 में झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन को भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (बीसीसीआई) से मान्यता मिली थी। बीएन सिंह अपने पीछे पत्नी, दो बेटी व एक बेटा छोड़कर गए हैं। बुल्लू सिंह की एक बेटी व एक बेटा अमेरिका में रहते हैं, जबकि एक अन्य बेटी जमशेदपुर में ही रहती है। उनके आने के बाद ही शुक्रवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा। वे 2004 में बांग्लादेश दौरे पर गई भारतीय क्रिकेट टीम के मैनेजर भी बनाए गए थे। इसी दौरे के एक दिवसीय मुकाबले में महेंद्र सिंह धौनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। पिछले 50 वर्षों से क्रिकेट से जुड़े रहे बुल्लू सिंह ने कीनन स्टेडियम, को-आपरेटिव कॉलेज मैदान के साथ चाईबासा स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम को क्रिकेट ग्राउंड बनाने में महती भूमिका निभाई थी। उनके ही कार्यकाल में कीनन स्टेडियम में पांच अंतरराष्ट्रीय मैच खेले गए। बुल्लू सिंह कई बार भारतीय टीम के मैनेजर भी रह चुके थे। बुल्लू सिंह की पिछले तीन-चार दिन से तबीयत खराब थी। वह घर पर ही आराम कर रहे थे। बुधवार को अचानक उनकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई। उन्हें टीएमएच ले जाने की तैयारी चल रही थी, इसी दौरान दोपहर 2.30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। सूचना मिलते ही पूर्व क्रिकेटर मनोज यादव, राजीव बदान पहुंचे और उनके पार्थिव शरीर को टीएमएच ले गए।