धनबाद कोचिंग डिपो में HSD तेल चोरी करते पूर्व आउटसोर्सिंग स्टाफ रंगे हाथ गिरफ्तार, 20 लीटर डीजल बरामद

KK Sagar
3 Min Read

धनबाद रेल कोचिंग डिपो से जनरेटर कार का HSD (हाई स्पीड डीजल) ऑयल चोरी करते हुए रेल सुरक्षा बल (रेसुब) पोस्ट धनबाद की टीम ने एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 20 लीटर HSD ऑयल बरामद किया गया है। साथ ही चोरी में इस्तेमाल की जा रही एक स्कूटी और एक पाइप भी जब्त की गई है।

सर्विलांस के दौरान मिली सफलता

रेसुब पोस्ट धनबाद के अनुसार, दिनांक 22/01/2026 को सूचना मिली थी कि आरोपी धनबाद यार्ड में तेल चोरी करने पहुंचा है। सूचना के सत्यापन के बाद टीम ने धनबाद कोचिंग कॉम्प्लेक्स स्थित पिट लाइन संख्या 08 पर खड़ी पिलग्रिम स्पेशल रेक के जनरेटर कार से तेल चोरी करते हुए आरोपी को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीरज कुमार साव (उम्र 29 वर्ष) के रूप में हुई है, जो भौरा जोरापोखर, थाना जोरापोखर, जिला धनबाद का रहने वाला बताया गया है।

कैसे करता था चोरी?

बताया गया है कि आरोपी वर्ष 2016 से करीब 7 वर्षों तक धनबाद कोचिंग डिपो में आउटसोर्सिंग स्टाफ के रूप में काम कर चुका है। इसी कारण वह डिपो की भौगोलिक स्थिति और रेल संचालन से पूरी तरह परिचित था।

आरोपी रात के समय करीब 03:00 बजे से 03:30 बजे के बीच पिट लाइन में खड़ी ट्रेन के जनरेटर कार से HSD ऑयल चोरी करता था और स्कूटी के जरिए उसे लेकर फरार हो जाता था।

पहले भी दर्ज है मामला

रेसुब के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से कांड संख्या 14/25 (दिनांक 20/05/2025) धारा 3 RP(UP) Act के तहत मामला दर्ज है। उक्त मामले में जांच पूरी कर अंतिम प्रतिवेदन न्यायालय में समर्पित किया जा चुका है और मामला विचाराधीन है।

मामला दर्ज, जांच जारी

इस संबंध में उपनिरीक्षक कुंदन कुमार के लिखित आवेदन के आधार पर कांड संख्या 02/26 (दिनांक 22/01/26) धारा 3 RP(UP) Act के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक मनीषा कुमारी को सौंपी गई है।

बरामद संपत्ति का मूल्य

रेसुब के अनुसार बरामद रेल संपत्ति (20 लीटर HSD ऑयल) का अनुमानित मूल्य करीब ₹1840 बताया गया है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....