जमशेदपुर। सिदगोड़ा में हाल ही में हुई चेन छिनतई की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने प्रेस कांफ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 18 मई को सुबह के समय एग्रिको क्षेत्र में एक महिला से बाइक सवार बदमाशों ने गले से चेन छीन ली थी और फरार हो गए थे।
पीड़िता की लिखित शिकायत पर सिदगोड़ा थाना में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद एक विशेष टीम का गठन कर जांच शुरू की गई। मानवीय सूचनाओं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने मानगो के विभिन्न इलाकों से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिसमें दो मुख्य आरोपी, एक रेकी करने वाला और एक सोनार शामिल है।
गिरफ्तार किए गए अपराधियों की पहचान शंकर महतो उर्फ सूरज, विशाल सिंह उर्फ नाडु, और मोहित बर्मन के रूप में हुई है। इनका पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और ये पहले भी लूट और छिनतई के मामलों में जेल जा चुके हैं।
एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि ये आरोपी शहर के अन्य इलाकों में हुई छिनतई की घटनाओं में भी शामिल हो सकते हैं। इस संबंध में सभी आरोपियों को रिमांड में लेकर गहन पूछताछ की जाएगी।