डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर अंतर्गत चांडिल रेंज में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा घटना गुंडा गांव की है, जहां गुरुवार तड़के करीब 4 बजे एक विशालकाय जंगली हाथी ने घुसकर जमकर उत्पात मचाया। इस हमले में हाथी ने चार ग्रामीणों के आशियाने उजाड़ दिए और खेतों में खड़ी फसलों को पूरी तरह बर्बाद कर दिया।
इन ग्रामीणों के घरों पर गिरी गाज
हाथी के इस हमले में गांव के गरीब किसानों को भारी आर्थिक चोट पहुंची है। मिली जानकारी के अनुसार, हाथी ने राधा नाथ महतो, कृष्ण पद महतो, हरिपद महतो, मिलन महतो के घरों को निशाना बनाया और उन्हें पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।
मशालों के सहारे खदेड़ा गया ‘गजराज’ को
तड़के हुए इस अचानक हमले से पूरे गुंडा गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। अपनी जान और माल की रक्षा के लिए ग्रामीण एकजुट हुए। ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके अपनाते हुए मशालें जलाई और शोर-शराबा मचाकर बड़ी मुश्किल से हाथी को वापस जंगल की ओर खदेड़ा।
वन विभाग की निगरानी पर उठे सवाल
हाथी के इस तांडव से किसानों की सब्जियों की फसल पूरी तरह चौपट हो गई है। स्थानीय लोगों में वन विभाग के प्रति भी रोष देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में हाथियों का खतरा लगातार बना हुआ है, लेकिन विभाग की निगरानी दावों तक ही सीमित नजर आ रही है। प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से उचित मुआवजे की गुहार लगाई है।

