मिरर मीडिया, डिजिटल डेस्क : Dhanbad जागृत मंदिर चीरागोड़ा में चल रहे नव दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा एवं रूद्र चण्डी महायज्ञ के चौथे दिन, यज्ञ आचार्य सुबोध पांडे के नेतृत्व में आचार्य धर्मेंद्र पांडे, सुनील पांडे, अखिलेश पांडे, गणेश शास्त्री, रतन पांडे, सौरभ दुबे, विक्की मिश्रा, लवकुश पांडे, सत्यानंद पांडे, ऋषभ कुमार, सुमन पांडे, श्रीकांत पांडे, नीतीश पांडे द्वारा सस्वर रूद्री पाठ किया गया।
ब्राह्मणों द्वारा मंदिर में स्थापित किए जाने वाले देव प्रतिमाओं – भगवती जगदंबा, शंकर भगवान, राधा रानी, कृष्ण भगवान, राम दरबार, बजरंगबली – का वैदिक रीति-रिवाज से अन्नधिवास कराया गया। यज्ञ आचार्य सुबोध पांडे ने बताया कि देव प्रतिमाओं को अरवा चावल और गेहूं पर रखा गया तथा भगवती जगदंबा और अन्य देवताओं से यह प्रार्थना की गई कि जैसे हमने आपको अन्न का भोग दिया है, उसी प्रकार आप हम पर प्रसन्न हों और देश में किसी भी प्रकार की अन्न-धन की कमी न होने दें।

आचार्य ने बताया कि प्रातः छह बजे से मंदिर परिसर स्थित यज्ञ मंडप में रूद्र और चण्डी पाठ शुरू हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। यज्ञ मंडप में वेदी पूजन, मंडप पूजन और कुंड पूजन हुआ। दोपहर 2:00 बजे से विद्वानों के सानिध्य में हवन शुरू हुआ, जो संध्या 6:00 बजे तक चला। इसके बाद महादेव और भगवती की आरती की गई।
सुबह से ही यज्ञ मंडप की परिक्रमा के लिए महिला और पुरुष श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। यज्ञ आचार्य सुबोध पांडे ने बताया कि गुरुवार को विद्वानों द्वारा रुद्र और चंडी पाठ होगा और समस्त आवाहित देवताओं की षोडशोपचार विधि से पूजन के बाद पुष्पाधिवास कराया जाएगा। तत्पश्चात हवन होगा। 15 जुलाई 2024 को दोपहर 3:40 में जगत जननी जगदंबा, शंकर भगवान, राम दरबार, राधा, कृष्ण, बजरंग बली, शिव लिंग और शीतला माता की प्रतिमा में प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी।

