एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक ‘फुल ड्रेस रिहर्सल’, राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए अलर्ट पर प्रशासन

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के 26 फरवरी को प्रस्तावित जमशेदपुर आगमन के मद्देनज़र प्रमंडलीय आयुक्त कोल्हान रविरंजन कुमार विक्रम और पुलिस उप महानिरीक्षक अनुरंजन किस्पोटा ने जिला प्रशासन की तैयारियों का जायजा लिया गया। इसी दौरान उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी व वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय सहित वरीय अधिकारियों ने प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों श्री जगन्नाथ स्प्रिचुअल एंड कल्चरल चैरिटेबल सेंटर, कदमा व मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एयरपोर्ट से कदमा व बारीडीह अवस्थित कार्यक्रम स्थल तक की सुरक्षा व्यवस्था, परिगमन मार्ग, कार्यक्रम स्थल की संरचना, आगंतुकों समेत सामान्य लोगों के प्रवेश व निकास मार्ग, पार्किंग, अग्निशमन व्यवस्था और आपातकालीन चिकित्सा सुविधा सहित अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही मौके पर मौजूद सभी संबंधित पदाधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

कार्यक्रम के सूचारू व सुव्यवस्थित आयोजन के संदर्भ में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने प्रशासनिक व पुलिस की तैयारियों के बारे में आयुक्त कोल्हान प्रमंडल को अवगत कराया और सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक डायवर्जन, वैकल्पिक मार्ग, बैरिकेडिंग व बलों की तैनाती की की जानकारी दी। इस दौरान उन्होने बताया सुरक्षा मानकों के अनुरूप कारकेड रिहर्सल संपन्न कराया गया है। प्रतिनियुक्त फोर्स और मजिस्ट्रेट की संयुक्त ब्रीफ्रिंग कर सभी को उनकी जिम्मेवारियों के बारे में अवगत कराया जा चुका है। पिछले दो दिनों से एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक वीआईपी मूवमेंट की समयबद्धता व सुरक्षा व्यवस्था का परीक्षण किया गया है। उपायुक्त ने कहा कि राष्ट्रपति के आगमन को पूरी तरह सुरक्षित, सुव्यवस्थित व गरिमामय बनाने के लिए सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं तथा तैयारियां पूरी कर ली गई है।

Share This Article