डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: साप्ताहिक बाजारों में सक्रिय बाइक चोर गिरोह के खिलाफ कोवाली पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों को बड़ी सफलता मिली है। हल्दीपोखर साप्ताहिक हाट से चोरी हुई बाइक को न केवल बरामद कर लिया गया है, बल्कि इस मामले में संलिप्त तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
ऐसे बिछाया गया चोरों के लिए जाल
घटना की शुरुआत तब हुई जब हल्दीपोखर बाजार से अमित सरदार नामक व्यक्ति की बाइक चोरी हो गई थी। अमित ने हिम्मत नहीं हारी और कोवाली थाने में मामला दर्ज कराने के साथ-साथ खुद भी अपने दोस्तों के साथ चोरों की सुरागकशी में जुट गया।
नंबर प्लेट बदलकर भागने की फिराक में थे आरोपी
तलाश के दौरान अमित को एक संदिग्ध बाइक दिखी जिस पर दो युवक सवार थे। गौर से देखने पर अमित को अपनी बाइक होने का शक हुआ, क्योंकि चोरों ने पकड़े जाने के डर से बाइक का नंबर प्लेट बदल दिया था। अमित ने सूझबूझ दिखाते हुए उन्हें रोका और कागजात मांगे। जैसे ही युवक सकपकाने लगे और भागने की कोशिश की, ग्रामीणों ने उन्हें धर दबोचा।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान
भीड़ के हत्थे चढ़ने के बाद चोरों की जमकर धुनाई हुई, जिसके बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया। पूछताछ में पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्य किशोर गोप (जुड़ी निवासी), रंजन सरदार (नुआग्राम निवासी), समर गुप्ता (हल्दीपोखर निवासी) को गिरफ्तार किया है।
वहीं कोवाली पुलिस ने बताया कि ये तीनों आरोपी बाइक चोरी कर उसे बेचने की फिराक में थे। तीनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।

