डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: घाटशिला विधानसभा उप चुनाव की तैयारियों के क्रम में आज कलेक्ट्रेट सभागार में मतदान कर्मियों का दूसरा रेंडमाइजेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह प्रक्रिया सामान्य प्रेक्षक और जिला निर्वाचन पदाधिकारी की उपस्थिति में हुई।
निर्वाचन आयोग के विशेष सॉफ्टवेयर का उपयोग करते हुए, उप चुनाव के लिए मतदान दलों का गठन किया गया। इस चरण में सभी 300 मतदान केंद्रों के लिए मतदान दलों को तैयार कर लिया गया है।
गौरतलब है कि पहले रेंडमाइजेशन में मतदान कार्य के लिए कर्मचारियों का चयन किया गया था। अब दूसरे रेंडमाइजेशन के माध्यम से इन चयनित कर्मचारियों को मिलाकर मतदान दल बना दिए गए हैं।
अगला चरण: अब तीसरे रेंडमाइजेशन में इन मतदान दलों को विशिष्ट मतदान केंद्र (बूथ संख्या) आवंटित किए जाएंगे। मतदान के लिए रवाना होने के दिन होने वाले इस अंतिम रेंडमाइजेशन के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि कौन-सा मतदान दल किस बूथ पर मतदान कराएगा।

