डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: टाटा मोटर्स जमशेदपुर कंपनी प्रबंधन ने 375 बाय-सिक्स कर्मचारियों को स्थायीकरण का बड़ा उपहार दिया है। कुल 375 कर्मचारियों को गेटपास सौंपकर उन्हें स्थायी किया गया। ये सभी कर्मचारी 1 जनवरी 2026 से आधिकारिक रूप से कंपनी के पे-रोल पर आ जाएंगे। स्थायी होने के बाद इन कर्मचारियों को वे सभी लाभ और सुविधाएं मिलेंगी जो एक स्थायी कर्मचारी को देय होती हैं।
भावुक हुए कर्मचारी, लेबर ब्यूरो में उमड़ी भीड़
रविवार को गेटपास वितरण के दौरान लेबर ब्यूरो में कर्मचारियों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। जैसे ही कर्मचारियों के हाथ में स्थायी गेटपास आया, उनके चेहरे खिल उठे। सालों पुराना सपना सच होने की खुशी में कर्मचारियों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बधाई दी।
सुचारू व्यवस्था के लिए दो पालियों में वितरण
भीड़ को देखते हुए प्रबंधन ने गेटपास वितरण के लिए विशेष व्यवस्था की थी। वितरण का कार्य दो पालियों में किया गया। सुबह 9 बजे से ‘B’ शिफ्ट में काम करने वाले कर्मचारियों को गेटपास दिए गए। दोपहर 3 बजे से जनरल शिफ्ट वाले कर्मियों को गेटपास बांटे गए।

