पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण के प्रति जागरूकता हेतु ग्लोबल स्कूल ऑफ इंडिया में  ग्लोबल गार्डन किकऑफ़ सेरेमनी का आयोजन

KK Sagar
2 Min Read

ग्लोबल स्कूल ऑफ इंडिया में इंडो-ब्रिटिश कैंपेन के तहत सोमवार को प्राइम कम्युनिकेशन मीडिया इंडिया के तत्वावधान में ग्लोबल गार्डन किकऑफ़ सेरेमनी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की शुरुआत पौधारोपण से की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दिनेश कुमार सिंह, प्राचार्य गोविन्दपुर प्लस 2 हाई स्कूल; डॉ. एस. खालिद, फाउंडेशन ट्रस्ट के चेयरमैन और ग्लोबल स्कूल ऑफ इंडिया के डायरेक्टर; प्राचार्या विद्या सिंह; शिक्षक प्रभारी अरविंद प्रसाद रजक; सभी शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी और बच्चों ने मिलकर पौधारोपण किया।

मुख्य अतिथि दिनेश कुमार सिंह ने बच्चों को संबोधित करते हुए वृक्षारोपण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि प्रकृति हमारी धरोहर है। अगर इसका दोहन किया गया, तो इसके बुरे परिणाम हमें भुगतने होंगे। उन्होंने कहा कि कृत्रिम वस्तुओं के प्रयोग में हम इतने मशगूल हो गए हैं कि प्राकृतिक महत्व को नज़रअंदाज़ कर बैठे हैं, जिसके कारण पंखे, कूलर, और एसी सभी फेल होने लगे हैं और तापमान 50 डिग्री से पार हो रहा है। उन्होंने कहा कि हमें जागरूक होकर अपनी बहुमूल्य प्राकृतिक धरोहर का संरक्षण करना चाहिए।

डॉ. एस. खालिद ने अपने वक्तव्य में कहा कि हमारे जीवन का मूल उद्देश्य हरी-भरी धरती और उसके सौंदर्य को संभालना होना चाहिए, क्योंकि जल, वायु, और अन्न का स्रोत वृक्ष ही हैं। प्राचार्या श्रीमती विद्या सिंह ने कहा कि पौधारोपण कर हमारी ज़िम्मेदारी समाप्त नहीं होती, बल्कि पौधे को वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल, सेवा, और निरीक्षण आवश्यक है।

इस कार्यक्रम के माध्यम से ग्लोबल स्कूल ऑफ इंडिया ने पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण के महत्व पर जोर दिया, जिससे बच्चों और उपस्थित लोगों में जागरूकता फैलाई जा सके।

TAGGED:
Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....