HomeधनबादDhanbadगोमो कांड: इलायची से शुरू हुआ विवाद,दो दिन बाद प्रतिमा की संदिग्ध...

गोमो कांड: इलायची से शुरू हुआ विवाद,दो दिन बाद प्रतिमा की संदिग्ध मौत, हत्या या आत्महत्या,पति गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: गोमो के हटियाटांड़ निवासी प्रतिमा गुप्ता की हत्या उसके पति रौनक कुमार गुप्ता ने गोली मारकर की, जिसमें उसकी मां चंचला देवी की भी संलिप्तता बताई जा रही है। यह आरोप मृतका के भाई राज गुप्ता (झरिया निवासी) ने लगाते हुए हरिहरपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने रौनक और उसकी मां को नामजद आरोपी बनाया है।

पति को भेजा गया न्यायिक हिरासत में

पुलिस ने रौनक को गिरफ्तार कर शुक्रवार शाम कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। रौनक की निशानदेही पर हटियाटांड़ स्थित घर के समीप झाड़ियों से घटना में प्रयुक्त नाइन एमएम पिस्टल बरामद कर ली गई। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा भी जब्त किया।

फोरेंसिक जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने मामले की गहन जांच के लिए फोरेंसिक टीम की मदद ली। टीम ने बरामद पिस्टल और रौनक के हाथ के फिंगरप्रिंट लिए फिलहाल आरोपित के घर में ताला बंद है। पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।

पति ने दी सफाई, हत्या से किया इनकार

रौनक ने पुलिस को बताया कि उसने हत्या नहीं की, बल्कि पत्नी ने खुद को गोली मारी।उसने कहा कि हत्या में प्रयुक्त पिस्टल झरिया के किसी व्यक्ति से ली थी, लेकिन गोली कैसे चली, इस पर वह स्पष्ट जवाब नहीं दे सका।

इलायची से शुरू हुआ विवाद पहुंचा हत्या तक?

रौनक ने पुलिस को बताया कि घटना से दो दिन पहले उसकी पत्नी से इलायची नहीं मिलने पर झगड़ा हुआ था। गुस्से में पत्नी ने सिरप पीने का प्रयास किया, जिसे उसने और उसकी मां ने रोक लिया। फिर वह ड्यूटी के लिए धनबाद चला गया। लौटने पर देखा कि पत्नी छत पर लहूलुहान हालत में पड़ी थी और उसकी सांसें चल रही थीं। उसने लोगों से मदद मांगी, लेकिन कोई आगे नहीं आया, जिसके बाद वह मां के साथ पत्नी को बाइक से अस्पताल लेकर गया।

हालांकि, पुलिस प्रारंभिक जांच के आधार पर इसे हत्या का मामला मान रही है। पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या का कारण क्या था और इसमें और कौन-कौन शामिल हो सकता है।

Most Popular