जमुई। अवैध बालू उठाव और परिवहन से जुड़े भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU) ने झाझा थाना में पदस्थापित सरकारी चालक जितेंद्र कुमार को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। SVU की टीम ने आरोपी चालक को 12 हजार रुपये घूस लेते समय दबोचा और रिश्वत की पूरी राशि भी बरामद कर ली।
ट्रैक्टर चालक की शिकायत पर SVU ने बिछाया जाल
जानकारी के अनुसार, सरकारी चालक जितेंद्र कुमार पर अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों से सुविधा देने के नाम पर नियमित रूप से अवैध वसूली करने का आरोप था। आरोप है कि वह अवैध बालू ढोने वाले ट्रैक्टर चालकों से प्रतिदिन प्रति ट्रैक्टर तीन हजार रुपये की मांग करता था।
सत्यापन के बाद रंगेहाथ हुई गिरफ्तारी
इस मामले की शिकायत ट्रैक्टर चालक उमेश यादव ने स्पेशल विजिलेंस यूनिट से की थी। शिकायत मिलने के बाद SVU ने मामले का सत्यापन किया। आरोपों की पुष्टि होने पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और चालक को 12 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी की भूमिका पर भी उठ रहे सवाल
सूत्रों के अनुसार, मामले में झाझा थाना प्रभारी की संभावित संलिप्तता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, इस संबंध में अब तक किसी अधिकारी की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी SVU टीम
SVU अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध बालू कारोबार और उससे जुड़े भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से जारी है पूछताछ
गिरफ्तारी के बाद SVU की टीम आरोपी चालक को अपने साथ लेकर गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

