डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में आज 30 जून से मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान का शंखनाद हो गया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर शुरू हुआ यह महाभियान आगामी 29 जुलाई तक चलेगा। अभियान के पहले ही दिन जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आया। उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रंजन ने खुद मोर्चा संभालते हुए शहरी क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
ग्राउंड पर उतरे DC, इन्यूमिरेशन कार्य का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बूथों पर चल रहे मतदाताओं की गिनती और सत्यापन कार्य और वहां की प्रारंभिक व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने मौके पर मौजूद बीएलओ से अभियान की प्रगति रिपोर्ट ली। राजीव रंजन ने कड़े शब्दों में कहा कि इस पूरे अभियान में पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्धता का खास ख्याल रखा जाए। काम में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अभियान का मुख्य उद्देश्य: कोई भी पात्र वोटर न छूटे
DC ने मीडिया को बताया कि 29 जुलाई तक चलने वाले इस विशेष अभियान का मकसद वोटर लिस्ट को पूरी तरह से त्रुटिरहित, अपडेटेड और समावेशी बनाना है। उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिए कि हर एक योग्य और पात्र मतदाता के घर तक पहुंच सुनिश्चित की जाए। सत्यापन के दौरान पूरी सावधानी और ईमानदारी बरती जाए। फॉर्म और जरूरी दस्तावेजों को नियमों के तहत सुरक्षित रखा जाए। अगर काम के दौरान कोई समस्या या कन्फ्यूजन हो, तो तुरंत अपने ERO या AERO से संपर्क कर उसका समाधान निकालें।
आम जनता से भी की गई ये खास अपील
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने पूर्वी सिंहभूम के आम नागरिकों और मतदाताओं से भी इस महाभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जब भी निर्वाचन कर्मी या बीएलओ आपके घर आएं, तो उन्हें सही जानकारी देकर मदद करें। आपके सहयोग से ही एक सटीक और मजबूत वोटर लिस्ट तैयार की जा सकती है।

