देवघर में महाशिवरात्रि पर भव्य शिव बारात, बाबा नगरी हुई भक्तिमय

KK Sagar
2 Min Read

देवघर। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर झारखंड की बाबा नगरी देवघर में भव्य शिव बारात का आयोजन किया गया। पूरा शहर रंग-बिरंगी रोशनी, आकर्षक झांकियों और भक्तिमय माहौल से सराबोर नजर आया। सड़कों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और हर ओर हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे।

शिव बारात की शुरुआत केके स्टेडियम से हुई, जो टावर चौक होते हुए प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए सरबत और फलों की व्यवस्था की गई थी, जिसे प्रसाद के रूप में वितरित किया गया।

विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों की ओर से प्रस्तुत की गई आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। डीजे, ढोल-नगाड़ों और भक्ति संगीत के साथ निकली शिव बारात ने पूरे शहर को शिवमय बना दिया।

इस पावन अवसर पर उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा, एसडीएम रवि कुमार, डीडीसी पियूष कुमार एवं एसडीपीओ अशोक कुमार भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने आयोजन स्थल और मार्ग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि हर वर्ष महाशिवरात्रि के अवसर पर बाबा धाम को भव्य रूप से सजाया जाता है। प्रशासन की निरंतर कोशिश रहती है कि आयोजन हर साल पहले से अधिक सुव्यवस्थित और बेहतर हो, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को एक दिव्य और सुखद अनुभव प्राप्त हो।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....