बिहार में “गन-तंत्र”…, तेजस्वी यादव का नीतीश सरकार और बीजेपी पर तीखा हमला

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर राजनीतिक टकराव तेज हो गया है। विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने महिलाओं के खिलाफ अपराध को लेकर नीतीश कुमार की अगुवाई वाली सरकार को घेरा है। तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को बिहार विधान मंडल के बाहर पत्रकारों से बातचीत में नीतीश सरकार पर जमकर निशाना साधा।

सरकार पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप

नेता प्रतिपक्ष ने मीडिया से बातचीत में राज्य में बढ़ते अपराध के लिए भारतीय जनता पार्टी को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि बिहार में अब लोकतंत्र नहीं बल्कि “गन-तंत्र” का राज हो गया है। उन्होंने कहा कि बच्चियों के साथ गैंगरेप हो रहा है, मर्डर हो रहा है, रंगदारी वसूली जा रही है, अपराध चरम सीमा पर है। सरकार अपराधियों को बचाने का काम कर रही है।

बीजेपी मुख्यमंत्री का इस्तेमाल कर रही-तेजस्वी

तेजस्वी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुनार पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य की बात है हमारे मुख्यमंत्री अचेत हैं, उनको कोई मतलब नहीं है। उनकी स्थिति ठीक नहीं है। बीजेपी मुख्यमंत्री का इस्तेमाल कर रही है। इतने कमजोर कर दिए गए हैं कि आज तक जीवन में उन्होंने 9-10 बार शपथ ली होगी, लेकिन कभी भी गृह विभाग किसी और दल को या अन्य व्यक्ति को नहीं दिया गया होगा। हमेशा अपने पास उन्होंने रखा था। अब इतने असहाय और कमजोर हो गए हैं कि बीजेपी को देना पड़ा।

बीजेपी शासित राज्यों में सबसे ज्यादा अपराध-तेजस्वी

आरजेडी नेता ने बीजेपी पर भी बड़ा हमला बोला। तेजस्वी ने कहा कि देश भर में बीजेपी शासित जितने भी राज्य हैं वहीं सबसे ज्यादा अपराध है। बिहार में अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा है। सरकार में कोई लज्जा-शर्म नहीं बची है। अपराधी बेखौफ होकर नंगा नाच कर रहे हैं। लोग डरे हैं। अपराधियों को अंदर करने की जगह विपक्ष के लोग सवाल पूछते हैं तो उनके कार्यकर्ताओं-नेताओं को डराया-धमकाया जाता है।

Share This Article