डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: हमास ने गुरुवार को चार इजरायली बंधकों के शव लौटाए, जिनमें एक मां और उसके दो बच्चे शामिल थे। इन शवों के लौटने के बाद इजरायल में शोक की लहर दौड़ गई है। यह बंधक अक्टूबर 2023 में हुए हमले के बाद से लापता थे, और देशवासियों के लिए ये मौतें एक दिल दहला देने वाली याद बन चुकी हैं।
इजरायली सेना ने की पुष्टि
मिली जानकारी के अनुसार, शवों में शिरी बिबास और उसके दो बच्चों, एरियल और केफिर के शरीर शामिल हैं, जिनकी मौत की आशंका पहले ही जताई जा चुकी थी।
इसके साथ ही, ओडेड लिफशिट्ज की बॉडी भी है, जो अपहरण के समय 83 वर्ष के थे। केफिर, जो 9 महीने का था, सबसे कम उम्र का बंदी था। हमास ने दावा किया है कि इजरायली हवाई हमलों में ये चारों और उनके गार्ड मारे गए थे। शवों को चार काले ताबूतों में रखा गया और गाजा पट्टी से रेड क्रॉस के वाहनों में ले जाया गया।
रेड क्रॉस की टीम ने शवों की औपचारिक पहचान की प्रक्रिया की शुरू
रेड क्रॉस के कर्मचारियों ने ताबूतों को सफेद चादरों से ढका और फिर इन्हें इजरायल के लिए भेज दिया, जहां डीएनए टेस्ट के द्वारा शवों की औपचारिक पहचान की जाएगी। इस प्रक्रिया में दो दिन तक का समय लगने की उम्मीद है, और उसके बाद ही परिवारों को शवों की अंतिम जानकारी दी जाएगी।
सदमे में डूबे इजरायली नागरिक
इजरायल में इस घटना ने गहरा दुख और आक्रोश उत्पन्न किया है। तेल अवीव के होस्टेज स्क्वायर में बड़ी स्क्रीन पर बंधक परिवारों के वीडियो और तस्वीरें दिखाई गईं, जिनमें से एक में खिलखिलाता हुआ बच्चा केफिर भी शामिल था, जो बैटमैन की वेशभूषा में था। इस दृश्य ने देशवासियों को और भी अधिक शोकसंतप्त कर दिया ।
गाजा के दक्षिणी शहर खान यूनिस में हैंडओवर स्थल पर बड़ी संख्या में नकाबपोश और सशस्त्र लड़ाके मौजूद थे, जो शवों को सौंपने के लिए एकत्र हुए थे। इजरायली सेना ने इस घटना की पुष्टि की है, लेकिन इस महत्वपूर्ण क्षण का प्रसारण इजरायली चैनलों पर नहीं किया गया।