धनबाद। मंगलवार को पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन, धनबाद के निर्देशन में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर स्थित कर्मचारी सुविधा केंद्र में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर संगठन की अध्यक्षा प्रिया मिश्र के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
स्वास्थ्य जांच शिविर का मुख्य उद्देश्य महिला कर्मचारियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श और प्रारंभिक स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा उपलब्ध कराना रहा। शिविर के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, रक्तचाप जांच, शुगर जांच सहित अन्य आवश्यक चिकित्सीय परामर्श प्रदान किए गए।
महिला कल्याण संगठन द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित कर महिला कर्मचारियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाता रहा है। शिविर में बड़ी संख्या में महिला रेल कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
इस अवसर पर महिला कल्याण संगठन की अन्य सदस्याएं भी उपस्थित रहीं और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया।

