सारंडा के जंगलों में भारी मुठभेड़: सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच करीब एक घंटे तक चली गोलीबारी, चॉपर से भी हुई फायरिंग

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: झारखंड के सारंडा वन क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षाबलों की निर्णायक जंग जारी है। शनिवार सुबह जिला के जराइकेला थाना अंतर्गत कोलबोंगा और गिन्डुंग के सीमावर्ती जंगलों में नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। करीब एक घंटे तक चली इस क्रॉस-फायरिंग से पूरा इलाका गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा।

प्रमुख बिंदु: क्या हुआ सारंडा के जंगलों में?
मुठभेड़ का समय: सुबह करीब 9:00 बजे।

स्थान: कोलबोंगा और गिन्डुंग गांव के बीच का घना जंगली इलाका।

हवाई कार्रवाई: जानकारी के मुताबिक, नक्सलियों को घेरने के लिए सुरक्षाबलों ने हेलीकॉप्टर का भी सहारा लिया, जिससे आसमान से भी फायरिंग की गई।

वर्तमान स्थिति: फिलहाल किसी के हताहत होने या किसी बड़ी सफलता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

31 मार्च का ‘डेडलाइन’: निर्णायक मोड में ऑपरेशन
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने नक्सलियों के खात्मे के लिए 31 मार्च तक का अल्टीमेटम दिया है। इसी के तहत सारंडा के बीहड़ों में हजारों की संख्या में सुरक्षाबल के जवान तैनात हैं और नक्सलियों के खिलाफ ‘अंतिम और निर्णायक’ अभियान चला रहे हैं। नक्सलियों के बचे-कुचे गढ़ को ध्वस्त करने के लिए सुरक्षाबलों ने पूरी तरह कमर कस ली है।

इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज
हालांकि अभी तक पुलिस या सीआरपीएफ की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि मुठभेड़ के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया गया है। सुरक्षाबल चप्पे-चप्पे पर नजर रख रहे हैं ताकि नक्सलियों की घेराबंदी की जा सके।

Share This Article