जमुई (बिहार): बिहार के जमुई जिले में रविवार रात सनसनीखेज गोलीबारी की घटना सामने आई। सिकंदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जखरा गांव में मस्जिद से नमाज पढ़कर बाहर निकलते ही बदमाशों ने चार लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
छाती, गर्दन और कंधे में लगी गोली
घायलों की पहचान नुमान खान, मोफीज खान, अरबाज खान और अरमान खान के रूप में हुई है। सभी को छाती, गर्दन और कंधे में गोली लगी है। परिजनों ने तत्काल सभी को सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। घायलों में नुमान खान की हालत नाजुक बताई जा रही है।
15-20 राउंड फायरिंग से दहशत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर पहले से ही मस्जिद के पास घात लगाए बैठे थे। जैसे ही नमाज अदा कर लोग बाहर निकले, बदमाशों ने करीब 15 से 20 राउंड फायरिंग कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुरानी रंजिश बनी वजह
घायल के पिता मकसूद खान ने बताया कि करीब छह महीने पहले खेत में मवेशी चराने को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें मारपीट भी हुई थी। उसी मामले में केस चल रहा है। आशंका है कि उसी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया।
गोलीबारी का आरोप रिजवान खान उर्फ नाटो और उनके पुत्रों—नुमान खान, गुफरान खान, अब्दुल्लाह खान और शमीम खान—पर लगाया गया है।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस टीम सदर अस्पताल पहुंची और घायलों से पूछताछ की। घटना स्थल पर एसडीपीओ समेत कई पुलिस पदाधिकारी पहुंचकर जांच में जुट गए हैं। इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

