पलामू में डीजीपी तदाशा मिश्रा की हाई लेवल बैठक, अपराध और नक्सल गतिविधियों पर मंथन

KK Sagar
2 Min Read

पलामू । झारखंड की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा शुक्रवार को पलामू पहुंचीं, जहां उन्होंने पलामू प्रमंडल में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था एवं नक्सल गतिविधियों की स्थिति की उच्चस्तरीय समीक्षा की। उनके दौरे को क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिसिंग को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

डीजीपी के आगमन के बाद आयोजित समीक्षा बैठक में पुलिस मुख्यालय तथा पलामू प्रमंडल के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में आईजी अभियान नरेंद्र कुमार सिंह, आईजी सीआईडी अजय लिंडा, पलामू डीआईजी किशोर कौशल, पलामू एसपी कपिल चौधरी, लातेहार एसपी कुमार गौरव तथा गढ़वा एसपी आशुतोष शेखर समेत अन्य अधिकारी शामिल हुए।

बैठक के दौरान पलामू, लातेहार और गढ़वा जिलों में अपराध नियंत्रण, नक्सल विरोधी अभियानों की प्रगति, कानून-व्यवस्था की वर्तमान स्थिति तथा पुलिस कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई। डीजीपी ने अधिकारियों से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, चल रहे अभियानों और चुनौतियों की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सूत्रों के अनुसार, समीक्षा बैठक में अपराधियों एवं नक्सल संगठनों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों की गहन समीक्षा की गई। डीजीपी ने पुलिस अधिकारियों को आपसी समन्वय बढ़ाने, खुफिया तंत्र को मजबूत करने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

पलामू दौरे के दौरान डीजीपी ने क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस बल को सक्रिय और जवाबदेह तरीके से कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया। माना जा रहा है कि इस समीक्षा बैठक के बाद अपराध नियंत्रण और नक्सल विरोधी अभियानों को लेकर नई रणनीति पर भी काम किया जाएगा।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....