दिल्ली समेत देशभर में सोने की कीमतें नए रिकॉर्ड बना रही हैं। आज दिल्ली में 10 ग्राम 24 कैरट सोने का भाव ₹1,02,640 तक पहुंच गया, जबकि 22 कैरट का दाम भी इसके करीब है। कुछ साल पहले जहां सोना ₹50,000 प्रति 10 ग्राम से कम था, वहीं अब यह ₹1 लाख का आंकड़ा पार कर चुका है।
पिछले 6 साल में सोने की कीमतों में करीब 200% की उछाल दर्ज की गई है। जुलाई 2025 आते-आते सोना ₹30,000 के स्तर से चढ़कर ₹1 लाख के पार पहुंच गया है। अप्रैल 2025 में MCX पर 10 ग्राम सोने का भाव ₹1,01,078 तक पहुंचा था।
बढ़ोतरी के पीछे कारण
एक्सपर्ट्स के अनुसार सोने के बढ़ते दामों की बड़ी वजह अंतरराष्ट्रीय तनाव है। रूस-यूक्रेन युद्ध, ईरान-इस्राइल संघर्ष, COVID-19 महामारी और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता ने निवेशकों को सोने की ओर मोड़ा है। सोना हमेशा से सुरक्षित निवेश माना जाता रहा है, और संकट के समय इसकी मांग बढ़ जाती है।
भविष्य में क्या होगा?
Live Mint की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मौजूदा रफ्तार जारी रही तो अगले 5 साल में 10 ग्राम सोना ₹2.25 लाख तक पहुंच सकता है। 2019 से 2025 के बीच इसकी कीमतें औसतन 18% सालाना बढ़ी हैं। हालांकि, कुछ रिपोर्ट्स का कहना है कि सोना फिलहाल बाजार के समेकन (Consolidation) के दौर में है और यदि कोई बड़ा भू-राजनीतिक संकट नहीं हुआ, तो कीमतें स्थिर रह सकती हैं।
चीन ने हाल ही में अपने बीमा क्षेत्र के कुल परिसंपत्ति का 1% सोने में निवेश किया है, लेकिन केंद्रीय बैंक अब सोने की खरीदारी कम कर रहे हैं। ऐसे में सोने की कीमतों का अगला रुख आने वाले महीनों में स्पष्ट होगा।