जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा स्थित विद्युत अंचल (डीवीसी) में तैनात होमगार्ड जवान संजय कुमार महाकुड की दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ने से असमय मौत हो गई। 58 वर्षीय जवान पिछले तीन महीने से वहां अपनी सेवाएं दे रहे थे। अचानक हुई इस मौत से गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) के जवानों में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार तड़के लगभग 3:00 बजे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें घाटशिला अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक मूल रूप से डुमरिया प्रखंड के रहने वाले थे।
उनके पार्थिव शरीर को जमशेदपुर के होमगार्ड परिसर लाया गया, जहां कमांडेंट हरिहर सिंह मुंडा की उपस्थिति में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी गई। इसके बाद शव को उनके पैतृक निवास डुमरिया ले जाया गया, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया।
कमांडेंट हरिहर सिंह मुंडा ने बताया कि विभाग की ओर से दाह संस्कार के लिए तत्काल 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मृतक की पत्नी शोभा महाकुड को प्रदान की गई है। साथ ही परिवार के एक सदस्य को अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी।
उन्होंने कहा कि “होमगार्ड विभाग अपने हर जवान के दुख-सुख में साथ खड़ा रहता है। संजय कुमार महाकुड एक जिम्मेदार और समर्पित जवान थे, उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी।”