बिहार की राजधानी पटना में गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। पटना सिटी के चौक थाना क्षेत्र में विवेकानंद कॉलोनी मोड़ के पास करीब अक बुजुर्ग की गला काटकर हत्या कर दी गई। पारिवारिक विवाद में सगे भांजे ने ही अपने 65 वर्षीय बुजुर्ग मामा की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई।
बीच सड़क पर लोगों के सामने “खूनी खेल”
खौफनाक बात ये कि भांजे ने इस करतूत को बीच सड़क पर लोगों के सामने अंजाम दिया। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में हत्या की पूरी तस्वीर कैमरे में कैद हो गई है। इन तस्वीरों में देखा जा सकता है की किस तरह हत्यारे ने इस निर्मम हत्याकांड को अंजाम दिया।
हत्या के बाद टहलते हुए निकला
सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड तस्वीरों में साफ दिख रहा है कि पहले आरोपी अपने मामा के साथ ही सड़क पर आराम से जा रहा है। देखने से ऐसा लग ही नहीं रहा कि वो किसी भी वक्त हमला करेगा। वीडियो में करीब 10 सेकेंड तक वो अपने मामा के साथ चलता है। इसके बाद अचानक से वो चाकू से अपने मामा की गर्दन पर सीधा वार करता है। वारदात को अंजाम देने के बाद बालों को करीने से सेट करता है और टहलते हुए वहां से निकल जाता है।
हत्यारे को पुलिस ने दबोचा
घटना की जानकारी मिलन के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। घटना के बाद सिटी डीएसपी 2 डॉ गौरव कुमार और एफएसएल की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच की। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज की मदद से हत्यारे की पहचान करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है।

